Ballia News: बलिया जिले में उत्पात मचाने पर पड़ोसियों की शिकायत पर पीआरबी ने युवक को पकड़कर थाने को सौंप दिया। वहां पुलिसकर्मियों को चकमा देकर युवक थाने से भाग गया। रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला कि वह 25 हजार रुपये का इनामी है।
बलिया जिले के सुखपुरा थाना क्षेत्र के देवकली गांव में शुक्रवार की शाम शराब के नशे में उत्पात मचा रहे एक युवक को ग्रामीणों की सूचना पर डायल-112 पीआरबी पुलिस ने पकड़कर सुखपुरा थाने को सुपुर्द कर दिया। उस समय पुलिसकर्मी मोहर्रम के जुलूस की सुरक्षा व्यवस्था में व्यस्त थे। इसी दौरान युवक थाना परिसर के पीछे के रास्ते से पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। कुछ देर बाद जब पुलिस ने उसकी पहचान और आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की तो सभी के होश उड़ गए।
विज्ञापन
फरार युवक की पहचान सदर कोतवाली क्षेत्र के रामपुर उदयभान निवासी प्रिंस यादव के रूप में हुई। उसके खिलाफ सदर कोतवाली समेत जिले के विभिन्न थानों में मारपीट, जानलेवा हमला सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं। वह सदर कोतवाली पुलिस का 25 हजार रुपये का इनामिया भी है और पुलिस काफी समय से उसकी तलाश कर रही है।
थाने से इनामिया बदमाश के फरार होने की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले को गोपनीय रखते हुए उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन देर शाम तक उसे गिरफ्तार नहीं किया जा सका। घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं और लोग पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने लगे।
हालांकि, इस संबंध में सुखपुरा थाना प्रभारी रत्नेश दुबे का कहना है कि पीआरवी द्वारा लाया गया युवक अत्यधिक शराब के नशे में था। पूछताछ के बाद उसे चेतावनी देकर छोड़ दिया गया था।