नरही थाना क्षेत्र के सरायकोटा गांव स्थित नदी में युवक के डूबने की सूचना पर शव की तलाश करते एनड
नरही। सावन के दूसरे सोमवार को गंगा स्नान करने सरायकोटा के नागा घाट पहुंचे गाजीपुर के 18 वर्षीय युवक की गंगा में डूबने से मौत हो गई। दोस्तों के साथ स्नान करने के बाद युवक एक और डुबकी लगाने गंगा में उतरा था। इसी दौरान वह गहरे पानी में समा गया।
नरही थाना क्षेत्र की पुलिस चौकी कोरंटाडीह अंतर्गत सरायकोटा गांव स्थित गंगा घाट (नागा घाट) पर गाजीपुर जनपद के भांवरकोल थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव निवासी छोटे लाल यादव का पुत्र आदित्य यादव (18) अपने तीन दोस्तों संदीप सिंह, जयप्रकाश सिंह और अमन यादव के साथ सोमवार सुबह करीब नौ बजे स्नान करने पहुंचा था। चारों दोस्तों ने गंगा में स्नान किया और बाहर आ गए। इसी बीच आदित्य ने दोस्तों से कहा कि वह एक डुबकी और लगाकर आ रहा है। इसके बाद वह दोबारा गंगा में उतरा, लेकिन गहरे पानी में जाने के बाद डूबने लगा।
आसपास मौजूद लोगों के अनुसार, आदित्य के साथ आए युवकों ने मदद के लिए शोर मचाने के बजाय घरवालों को फोन करना शुरू कर दिया। लोगों का कहना था कि यदि उसी समय घाट पर मौजूद लोगों को आवाज दी जाती तो शायद समय रहते मदद मिल सकती थी।
सूचना मिलते ही नरहीं पुलिस मौके पर पहुंची और नाव की मदद से युवक की तलाश शुरू कराई, लेकिन काफी प्रयास के बाद भी सफलता नहीं मिली।
इसके बाद वाराणसी से पहुंची 11 एनडीआरएफ की टीम ने नदी में सघन तलाशी अभियान चलाया। करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर दो बजे आदित्य का शव गंगा से बरामद किया गया।
परिजन शव लेकर सदर अस्पताल बक्सर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।