दयाछपरा। क्षेत्र के दुबेछपरा गंगा घाट पर दीपावली के दिन शनिवार की दोपहर करीब दो बजे एक युवक नदी में डूब गया। घाट पर मौजूद ग्रामीणों ने निकालने का बहुत प्रयास किया। लेकिन युवक का कोई पता नहीं चल सका। अंत में पुलिस को लोगों ने सूचना दी। मौके पर पहुंची बैरिया पुलिस युवक को ढूढ़ने में लगी रही। देर शाम तक युवक का पता नहीं चल सका था और ना ही युवक की शिनाख्त हो सकी थी।
मिली जानकारी के अनुसार गोपालपुर दुबेछपरा गंगा घाट पर एक युवक स्नान करते वक्त डूब गया। युवक कहां का है कुछ पता नहीं चल रहा है। घाट पर एक पुरानी एटलस साइकिल, धारीदार सर्ट, हवाई चप्पल आदि सामान मिला है। बता दें कि घाट पर ही यज्ञ का भंडारा हो रहा था। जिसमें उदई छपरा निवासी राजू पासवान की नजर एकाएक डूबते युवक पर पड़ी। इसके बाद राजू समेत कई ग्रामीण नदी में कूद गए और काफी छानबीन किया। प्रत्यक्षदर्शी राजू की माने तो युवक की आयु 35 से 40 वर्ष होगी। बैरिया थाना के एसआई विनोद तिवारी के निर्देशन में डूबे युवक की तलाश जारी है।