बेल्थरारोड। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन करने जाते समय सोमवार की रात नगर के वार्ड नंबर पांच निवासी हिमांशु कन्नौजिया (20) की डांस करते हुए सड़क पर गिर जाने से मौत हो गई। सूचना पाते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बलिया भेज दिया।
वार्ड पांच कन्नौजिया नगर में बालक बाल संघ की ओर से दुर्गा प्रतिमा रखी गई थी। सोमवार को कमेटी के कार्यकर्ता गाजे-बाजे के साथ प्रतिमा विसर्जन के लिए जा रहे थे। जुलूस में डीजे की धुन पर हिमांशु अपने अन्य दोस्तों के साथ डांस कर रहा था। इस दौरान वह लड़खड़ाते हुए गिरकर अचेत हो गया। आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर से अस्पताल पर लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की सूचना मिलने पर एडीएम देवेंद्र प्रताप सिंह, एएसपी अनिल कुमार झा, सीओ मोहम्मद फहीम कुरैशी मौके पर पहुंच घटना की जानकारी प्राप्त की। घटना से कमेटी के सदस्यों व परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। संवाद