रामगढ़। दुबहर थाना क्षेत्र के पेट्रोल पंप के पास रविवार देर शाम जीप और ट्रक की टक्कर में जीप सवार 22 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। साथियों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही युवक का शव सोमवार को गांव पहुंचा परिवार में कोहराम मच गया।
रेवती थाना क्षेत्र के दिघार गांव निवासी स्व. नंदलाल गोंड का पुत्र चंदन कुमार गोंड (22) रविवार सुबह घर से कमाने के लिए गुजरात जा रहा था। चंदन के साथ उसके गांव के दो मित्र गुजरात जा रहे थे। तीनों लोगों को बक्सर से ट्रेन पकड़नी थी। बक्सर पहुंचने के बाद ट्रेन का लोकेशन पता करने पर पता चला की ट्रेन निरस्त हो गई है। चंदन अपने साथियों के साथ बक्सर से घर लौट रहा था। चंदन और उसके साथी बलिया से जीप में सवार होकर गांव लौट रहे थे। अभी पेट्रोल पंप से कुछ दूरी पर ही पहुंचे थे कि बैरिया की तरफ से आ रहे ट्रक व जीप में टक्कर हो गई। चंदन के पिता की मौत 5 साल पहले हो गई थी। किसी तरह मां मानती देवी बच्चों की परवरिश कर घर चला रही थी। सोमवार की शाम गंगा नदी के हुकुम छपरा घाट पर चंदन का अंतिम संस्कार किया गया।