रतसर (बलिया)। गड़वार थाना क्षेत्र के मसहां गांव में हाईटेंशन तार की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल गांव निवासी दीपक मिश्रा (28) पुत्र अमर नाथ मिश्रा की मौत शुक्रवार को इलाज के दौरान जिला अस्पताल में हो गई। मौत की खबर मिलते ही पूरे गांव में मातम पसर गया। बता दे कि दीपक मिश्रा बेरोजगार थे। परिवार के लोग उनके लिए फ्लावर मिल का निर्माण करा रहे थे। शुक्रवार की सुबह वह निर्माणाधीन मिल पर निर्माण कार्य में मजदूरों का सहयोग कर रहे थे। एक मजदूर द्वारा सरिया मांगने पर वह सरिया उठाये तो सरिया बगल से गुजर रहे विद्युत प्रवाहित हाईटेंशन तार से छू गया और वह करेंट के चपेट में आ गये। परिवार के लोग आनन-फानन में निजी साधन से जिला अस्पताल पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा था। मृतक की शादी पांच वर्ष पूर्व हुई थी, लेकिन कोई संतान नही था।
बैंक के बाहर ग्राहक का 20 हजार लेकर फरार हुए उचक्के
सिकंदरपुर। भारतीय स्टेट बैंक शाखा सिकंदरपुर से पैसा निकाल कर बाहर निकले अधेड़ को झांसा देकर उच्चके 20 हजार रुपया लेकर फरार हो गए। पीड़ित को जब पता चला तो उसके होश उड़ गए और वह रोने लगा। मिली जानकारी के अनुसार सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के हरदिया गांव निवासी राम प्रवेश बिंद शुक्रवार की दोपहर भारतीय स्टेट बैंक सिकंदरपुर की शाखा से 20 हजार रुपया निकाला और पैसा लेकर बैंक से बाहर आया। तभी उचक्के उनके पीछे लग गए और सोने की गुल्ली देकर 20 हजार रुपये ले लिए। पीड़ित द्वारा इसकी सूचना पुलिस को दे दिया गया है पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।