Ballia Crime News: बलिया जिले में एक शख्स की गला रेतकर हत्या कर दी गई। वह दो दिन पहले जेल से छूट कर आया था। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
बलिया जिले के मनियर थाना क्षेत्र के बड़सरी जागीर में नहर के पास बंद मकान के पास बुधवार की सुबह चंदन सिंह (35) का खून से लथपथ शव मिला। उसके गले पर जख्म के निशान थे। ग्रामीणों ने शव पड़ा देख पुलिस को सूचना दी। मौके पर एएसपी दिनेश शुक्ल ने घटना की जानकारी ली। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाया।
विज्ञापन
क्या है पूरा मामला
बड़सरी गांव निवासी चंदन सिंह सोमवार को शराब तस्करी में जेल से जमानत पर छूट कर घर पहुंचा था। मंगलवार की रात घर से 100 मीटर की दूरी पर स्थित नहर के पास बंद मकान के पास किसी बदमाश ने गला रेतकर हत्या कर दी और शव को वहीं छोड़ दिया।
बुधवार की सुबह टहल रहे ग्रामीणों की नजर खून से लथपथ शव पर पड़ी तो उन्होंने परिजनों व पुलिस को घटना की सूचना दी। घटना की खबर लगते ही परिवार में कोहराम मच गया। मौके पर भारी भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने बताया कि चंदन मनबढ़ किस्म का युवक था, पुलिस ने कुछ दिन पूर्व कच्ची शराब मामले में चालान किया था। वह शराब का सेवन करता था। उसकी पत्नी बच्चों के साथ दिल्ली रहती है।
विज्ञापन
घटना की खबर पर एएसपी उत्तरी दिनेश शुक्ल, जय शंकर मिश्र ने मौके पर पहुंचकर परिजनों से घटना को लेकर पूछताछ की है। इस दौरान जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। पुलिस ने पूछताछ करने के लिए कुछ लोगों को हिरासत में लिया है।