चिलकहर। गड़वार थाना क्षेत्र के इंदरपुर स्थित पेट्रोल पंप के समीप सोमवार को एक युवक के अपहरण की सूचना पर सनसनी फैल गयी। सूचना पर पुलिस दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस इस मामले को नौकरी के नाम पर पैसा लेने और वापस नहीं करने पर युवक को उठाने की बात बता रही है।
सोमवार की शाम भरथीपुर निवासी अभिषेक कुमार अपने दो साथियों संग पेट्रोल पंप पर बाइक में तेल लेने गया था। वहां कार में पहुंचे चार युवकों ने अभिषेक को जबरन गाड़ी में बैठा लिया और फरार हो गए। उसके साथियों ने इसकी सूचना परिजनों और पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे गड़वार थाना प्रभारी राजीव सिंह ने दो लोगों को हिरासत में लिया है। बताया कि अभिषेक ने नौकरी दिलाने के नाम पर पैसा लिया था, लेकिन नौकरी नहीं दिला पाया। इसके बाद जब पैसा देने वालों ने पैसा मांगा तो आनाकानी कर रहा था। अब तक की जांच में यही सामने आया है कि वही लोग उसे उठाकर ले गए हैं, छानबीन जारी है।