बांसडीह कस्बा स्थित पांडेय के पोखरा के समीप बोलेरो के टक्कर से मृतक हादसे में कैथवली निवासी नी
बांसडीह। कोतवाली क्षेत्र के बांसडीह–मनियर मार्ग स्थित पाण्डेय के पोखरा के पास बुधवार रात करीब 9 बजे तेज रफ्तार बोलेरो ने दो मोटरसाइकिलों को टक्कर मार दी। हादसे में नीरज गोंड (20) की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मनियर की ओर से आ रही बोलेरो की गति तेजी थी। पहले बांसडीह की तरफ जा रही एक मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मारी, फिर दूसरी बाइक को भी अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और बोलेरो सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से जा भिड़ी। पोल से टकराते ही बोलेरो पलट गई।
हादसे में कैथवली निवासी नीरज गोंड (20) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, कैथवली निवासी आकाश गोंड और बैरिया निवासी राजेंद्र (40) गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए दोनों घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो को कब्जे में ले लिया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। चालक भागा हुआ है, उसकी तलाश की जा रही है।