चिलकहर। नगरा-गड़वार मार्ग के अराजी माफी ताखा के समीप सोमवार की दोपहर स्कॉर्पियो ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई। लोगों ने एंबुलेंस के लिए फोन किया लेकिन समय से नहीं पहंुची। इससे गुस्साए लोगों ने ढाई घंटे तक जाम लगा दिया।
बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। आसपास के लोगों ने दोनों घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बछईपुर पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने एक को मृत घोषित कर दिया था। दूसरे को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। एंबुलेंस के समय से नहीं पहुंचने का आरोप लगाते हुए गुस्साए परिजनों ने सड़क पर शव रखकर ढाई घंटे तक जाम लगा दिया।
पकड़ी थाना के गढ़मलपुर सहुलाई निवासी मनोज राजभर (29) और गड़वार थाना क्षेत्र के हथौड़ी निवासी अविनाश राजभर (25) किसी काम से बलिया की तरफ जा रहे थे। ताखा से गड़वार के तरफ आ रही स्काॅर्पियो ने बाइक में टक्कर मार दी।
इसमें मनोज राजभर तथा अविनाश राजभर गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बछईपुर पहुंचाया। डॉक्टरों ने मनोज राजभर को मृत घोषित कर दिया। अविनाश को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
दुर्घटना में मृत मनोज के परिजन शव को लेकर ताखा चट्टी के समीप पहंुच गए। ढाई घंटे तक जाम लगाकर आवागमन बाधित कर दिया। परिजनों ने आरोप लगाया कि सूचना देने के बाद भी समय से एंबुलेंस नहीं पहुंची।
प्रभारी निरीक्षक रत्नेश कुमार सिंह ने काफी मशक्कत के बाद भीड़ को समझा-बुझाकर शांत कराया। शव को पोस्टमार्टम के लिए बलिया भेज दिया। सीओ सिटी श्यामलाल, प्रभारी निरीक्षक सुखपुरा रामायण सिंह आदि ने पहुंचकर चक्काजाम समाप्त कराया।
दो बाइकों की टक्कर में चार गंभीर : रसड़ा। प्रधानपुर मार्ग स्थित डेहरी गांव के समीप दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को सीएचसी लाया गया, दो की हालत गंभीर होने पर रेफर कर दिया गया।
बाइक सवार बब्बन (58) तथा धर्मेंद्र (20) निवासी उतरांव जनपद गाजीपुर तथा दूसरे बाइक पर सवार हमजा (15), रजनीश (34) निवासी नई मस्जिद रसड़ा की बाइक आमने-सामने टक्कर हो गई।