नगरा। नगरा-गडवार मार्ग पर सोमवार की देरशाम उरैनी मोड़ के समीप ट्रक की चपेट में आने से युवती की मौत हो गई। जबकि बाइक चला रहे युवती के मामा घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए पीएचसी नगरा में भर्ती कराया गया। सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना को अंजाम देकर भाग रहे ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया।
गोठवा गोठाई निवासी बृजेश पांडेय की पुत्री निकिता (18) अपने मामा कुशीनगर जिले के मुंडेरा निवासी पंकज पांडेय के साथ नगरा बाजार सामान खरीदने बाइक से आ रही थी। बाइक पर उसकी छोटी बहन रिया (4 )भी बैठी थी, जो इस घटना में बाल बाल बच गई। उरैनी मोड़ के पास गड़वार की तरफ से नगरा आ रहे ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। जिससे तीनों लोग बाइक से गिर गए और निकिता की ट्रक की चपेट में आने से घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना का कारण सड़क के किनारे रखा सफेद बालू बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि बालू नहीं होता तो यह हादसा नहीं होता।