नगरा (बलिया)। राष्ट्रीय साहित्यिक एवं सामाजिक संगठन साहित्य उन्नयन संघ की बलिया इकाई के तत्वावधान में सोमवार को नगरा स्थित एक निजी विद्यालय के सभागार में भव्य काव्य गोष्ठी एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
संगठन के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. दिलीप कुमार चौहान ‘’बागी’’ की गरिमामयी उपस्थिति और बलिया इकाई के महामंत्री डीएन सिंह रसिक के संयोजन में आयोजित कार्यक्रम में पूर्वांचल के विभिन्न जिलों से आए रचनाकारों ने अपनी कविताओं और गजलों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. दिलीप कुमार चौहान ‘’बागी’’ ने किया। बस्ती के प्रख्यात गजलकार रोमित हिमकर ने अपनी रचना के माध्यम से प्रेम का सुंदर संदेश दिया। आजमगढ़ इकाई से आए कवि रोहिताश्व सौम्य ने ‘बड़ी मुश्किल है पानी पर पानी लिखना’ पंक्तियों से श्रोताओं की सराहना बटोरी। कवि डीएन सिंह रसिक ने अपनी व्यंग्यात्मक रचना के माध्यम से समाज में व्याप्त कुरीतियों पर प्रहार किया।
कवि देवनाथ घायल ने बीते दिनों की यादें ताजा करते हुए ‘हमसे पूछेला लोगवा सवाल’ रचना प्रस्तुत की। वहीं, कवि जितेंद्र स्वाध्यायी ने अपनी गंभीर रचनाओं से माहौल को साहित्यिक रंग में रंग दिया। वरिष्ठ कवि डॉ. फतेह चंद बेचैन ने बलिया को बगावत की धरती बताते हुए उसकी विशिष्ट पहचान को रेखांकित किया। डॉ. जितेंद्र त्यागी ने हास्य रस की रचनाओं से श्रोताओं को खूब गुदगुदाया।
पुष्पराज पुष और दीपक गुप्ता सहित अन्य रचनाकारों ने भी अपनी प्रस्तुतियों से गोष्ठी को यादगार बनाया।
कार्यक्रम में समाजसेवी अमलेश चौहान मुख्य अतिथि रहे। अध्यक्षता डॉ. फतेह चंद बेचैन ने की, जबकि संचालन डॉ. दिलीप कुमार चौहान ‘बागी’ने किया। इस अवसर पर रामबिलास चौहान, राघवेंद्र यादव, रामबदन वर्मा, चंद्रेश चौहान, प्रशांत कुमार प्रजापति, शोशिला देवी, संजू देवी, पूनम देवी, शशिकला, नीलम और रामप्रवेश यादव, अजय कुमार वर्मा सहित बड़ी संख्या में साहित्यप्रेमी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।