रामगढ़ (बलिया)। विधायक सुरेंद्र सिंह ने बुधवार दोपहर गंगा पार पचरुखिया मौजे में करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से नदी की धारा मोड़ने वाले ड्रेजिंग के कार्य का शुभारंभ किया। इससे पहले मां गंगा की विधिवत पूजा की गई।
विधायक ने बैराज खंड के अधिकारियों के साथ ही ठेकेदारों को मानक के अनुरूप व समय से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यह ड्रीम प्रोजेक्ट है। इस काम के पूरा होने से एनएच-31 के साथ ही दर्जनों गांवों की मुसीबतें कम हो जाएंगी। बैराज खंड के अधिशासी अभियंता टीएन सिंह ने बताया कि पहले सहायक नदी की खुदाई की गई थी। अब मुख्य नदी का काम शुरू हुआ है। 10 किलोमीटर की लंबाई तक करीब 60 मीटर चौड़ी और 11 मीटर गहरी खुदाई होगी। ड्रेजिंग का कार्य दो पार्ट में किया जाएगा।
पहले चरण में 6 किलोमीटर तक का कार्य शुरू हुआ है। दूसरे चरण में 4 किलोमीटर का काम होगा। अधिकारियों ने विधायक को समय से कार्य पूरा कराने का आश्वासन दिया। इस मौके पर विराज खंड के सहायक अभियंता दिलीप कुमार, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि अयोध्या प्रसाद हिंद, पंडित राज नारायण तिवारी, परशुराम सिंह, सरोज रजक, गुप्तेश्वर दुबे, भोला तिवारी, भूटान सिंह, स्वामीनाथ तिवारी, अशोक गुप्ता, सुशील पांडेय, चंद्रशेखर भारतीय रहे।