बांसडीह। बलिया के मंगलपुरा चट्टी स्थित एक देसी शराब की दुकान को हटाने की मांग को लेकर सोमवार को बड़ी संख्या में महिलाएं सड़क पर उतर आईं। सूचना पर सुल्तानपुर चौकी इंचार्ज सूरज पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और महिलाओं को समझाने-बुझाने के साथ कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया।
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने सड़क जाम कर नारेबाजी की और शराब की दुकान पर लगा बोर्ड उखाड़ दिया। महिलाओं ने दुकान के सेल्समैन को चेतावनी देते हुए कहा कि दुकान को जल्द से जल्द यहां से हटाया जाए, अन्यथा अगली बार वे और बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होंगी। प्रदर्शन कर रही महिलाओं का आरोप है कि शराब की दुकान के कारण पूरे इलाके का माहौल खराब हो गया है।
यह दुकान प्राथमिक विद्यालय से लगभग 500 मीटर की दूरी पर स्थित है, जिससे बच्चों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। महिलाओं ने बताया कि डुहीमुसी पुल से उतरते ही मंगलपुरा चट्टी पर स्थित यह दुकान गांव में प्रवेश का मुख्य मार्ग है। बाजार आने-जाने के दौरान अक्सर शराब के नशे में लोग सड़क किनारे खड़े रहते हैं, जिससे महिलाओं, छात्राओं और राहगीरों को असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है। उनका कहना है कि इस रास्ते से स्कूल, कोचिंग और बाजार जाने वाली छात्राओं का आवागमन भी प्रभावित हो रहा है।
-
आबादी और स्कूल से दूर स्थानांतरित करने की मांग
महिलाओं ने स्पष्ट कहा कि जब तक शराब की दुकान को आबादी और विद्यालय से दूर किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित नहीं किया जाता, उनका विरोध जारी रहेगा। प्रदर्शन में संतोष खरवार, अजहर, रामानुज कुमार, कलावती देवी, देवकली देवी, बबीता देवी, सुनरी देवी, रामवती देवी, सुनीता देवी, दुर्गावती देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं मौजूद रहीं।