सुखपुरा थाना क्षेत्र के भरतपुरा गांव निवासी मृतक सुरेंद्र राजभर। फाइल फोटो, परिजन
सुखपुरा। थाना क्षेत्र के भरतपुरा गांव में रविवार की रात सुरेंद्र राजभर (40) का पत्नी सुशीला से विवाद हो गया। बीच-बचाव करने पड़ोसी पहुंचे। लेकिन विवाद हो गया। पड़ोसियों ने लाठी-डंडे से पति की पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल सुरेंद्र की इलाज के दौरान मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेजा। सुरेंद्र के पिता लक्ष्मण राजभर की तहरीर पर भोला, राजेश, कुंदन, बसंत के खिलाफ पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। आरोपी भोला व बसंत को गिरफ्तार कर लिया।
भरतपुरा निवासी सुरेंद्र राजभर (40) का किसी बात को लेकर पत्नी सुशीला से रात में विवाद हो गया था। पति-पत्नी के बीच हो रही कहासुनी की आवाज सुनकर पड़ोस के कुछ लोग मौके पर पहुंचे और दोनों को शांत कराने का प्रयास किया। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि पड़ोस के तीन-चार लोगों ने लाठी-डंडे से छत पर बैठे सुरेंद्र की पिटाई कर दी। मारपीट में सुरेंद्र के सिर के पीछे गंभीर चोट लगी, इससे वह अचेत हो गए।
घटना के बाद परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए वाराणसी रेफर कर दिया।
परिजन मऊ लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही मौत हो गई। पत्नी सुशीला के अलावा उनके दो बच्चे हैं।
सुखपुरा थाना अध्यक्ष रत्नेश दुबे ने बताया कि पति-पत्नी के विवाद में पड़ोसियों द्वारा पति की लाठी-डंडे से पिटाई करने के कारण मौत का मामला आया है। सुरेंद्र के पिता लक्ष्मण राजभर की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।