हल्दी। स्थानीय बाजार में स्थित स्वर्णकारों के दुकान पर गुरुवार को टप्स बेचने आई महिलाओं ने दो दुकानदारों को ठगने के बाद तीसरी दुकान पर ठगी करते दुकानदार ने पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों महिलाओं को थाने लाकर पूछताछ कर रही है। पीडि़त दुकानदारों ने घटना की लिखित तहरीर पुलिस को दी।
मिली जानकारी के अनुसार हल्दी थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव निवासी अजय वर्मा पुत्र शिवचंद वर्मा की सोने की दुकान हल्दी बाजार में स्थित है, जहां बुधवार की शाम दो महिलाएं दुकान पर पहुंची और बताया कि लड़का बीमार है, पांच हजार रुपये दे दीजिए और मेरा टप्स रख लीजिए। दुकानदार ने वैसा ही किया। गुरुवार को पुन: वहीं महिलाएं बलिराम सोनार के दुकान पर पहुंची, जहां छह हजार में नकली टप्स बेच दिया। इसके बाद वह महिलाएं हल्दी के बगईचा टोला निवासी अनिल सोनार पुत्र गिरजा शंकर की दुकान पर गई और बताया कि लड़का बीमार है, सात हजार में मेरा टप्स रख लीजिए।
अनिल पैसा कम होने के कारण अजय वर्मा से पैसा मांगने पहुंचा। अनिल ने अजय को टप्स दिखाया तो उसका माथा ठनका और उसने टप्स को चेक किया तो वह नकली निकला। दुकानदारों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों महिलाओं को थाने लाकर नाम पता पूछा तो दोनों ने पहले गलत पता बताया। जब पुलिस ने कहा कि गलत पता बताने पर जमानत नहीं होगी। तब जाकर दूसरा नाम पता बताया। महिलाओं ने स्वर्णकारों को अपना पता सोनवानी बताया और पुलिस को एक ने जमुआ और दूसरे ने उमरगंज बलिया बताया। समाचार लिखे जाने तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया था।