बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के गांव में विवाहिता की हत्या के बाद मौके पर पहुंचकर पुछ-ताछ करते पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र नाथ।
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के बलिया जिले के बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के ताहिरपुर गांव में पति के साथ सोई महिला की हत्या के बाद गांव में सन्नाटा है। गांव में कोतवाल के साथ एएसपी और एसपी तक हो आए हैं। सीओ लगातार पूरे मामले की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। लेकिन इसके बावजूद पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंच सकी है।
इस बीच बदमाश महिला की ही हत्या करने आए थे या उनसे कोई गलती हो गई? मामला आशनाई का था या किसी पुरानी रंजिश में वारदात को अंजाम दिया गया? बदमाश महिला की ही हत्या करने आए थे या पति की बजाय पत्नी को गोली लग गई? गांव के लोगों को गोली की आवाज सुनाई क्यों नहीं पड़ी आदि ये कुछ ऐसे सवाल हैं जिनके जवाब अभी पुलिस ढूढ़ने की कोशिश में जुटी है।
पुलिस सूत्रों और गांव के लोगों की मानें वारदात के वक्त पति जनार्दन राजभर और सबिता एक ही चारपाई पर सोए थे। उनसे थोड़ी सी ही दूरी पर जनार्दन का भाई भी सोया था। इनके बच्चे भी दूसरी झोपड़ी में सो रहे थे, लेकिन इन सभी की नींद गोली की आवाज की बजाय जनार्दन के चिल्लाने से मचे शोर से खुली।
गांव के लोगों को भी गोली की आवाज सुनाई नहीं पड़ी है। बहरहाल पुलिस अभी मामले में कई एंगल पर जांच में जुटी है। अभी तक पुलिस के शक के दायरे में बदमाशों के साथ ही परिवार के लोग भी शामिल हैं। पुलिस मामले में आशनाई के पहलु और गलतफहमी को लेकर भी जांच में जुटी है।
मृतका के पति ने कहा- उसकी किसी से दुश्मनी नहीं, परिजन भी शक के दायरे में
बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के गांव में विवाहिता की हत्या के बाद रोती बिलखती महिलाएं।
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कहीं बदमाश पति या परिवार के किसी अन्य की हत्या करने तो नहीं आए थे और गलती से सबिता उनका निशाना बन गई। लूट के लिए हत्या को पुलिस सिरे से नकार रही है क्योंकि नमकीन-टॉफी बेचकर परिवार की आजीविका चलाने वाले जनार्दन के पास इतना कुछ होगा जिसे लूटने के लिए कोई उसकी हत्या का प्रयास करे, यह बात गले से नहीं उतरती।
गोली की आवाज सुनाई नहीं देने को लेकर पुलिस परिवार वालों को शक के दायरे में रख रही है। इसमें जनार्दन के बच्चों का बयान महत्वपूर्ण है, जिसमें उन्होंने कहा कि पापा के रोने चीखने की आवाज से उनकी नींद खुली तो मम्मी खून से लथपथ दिखी।
गौरतलब हो कि वारदात के वक्त मृतका की दो बेटी शांति, मांति व बेटा दिनेश बगल की ही दूसरी झोपड़ी में सो रहे थे। उधर, जनार्दन का कहना है कि उसकी किसी से दुश्मनी भी नहीं थी। सीओ बांसडीह अशोक सिंह का कहना है कि मृतका के पति की तहरीर के आधार पर अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। मामले में कई पहलुओं पर पुलिस जांच में जुटी है।