बैंक के एटीएम में पहुंची महिला का पिन बदलने के बहाने व्यक्ति ने एटीएम कार्ड ही बदल दिया और 18 हजार की ठगी कर ली। मामले की शिकायत के बाद पुलिस हरकत में आ गई है और सीसीटीवी की जांच कर रही है।
बांसडीह नगर पंचायत स्थित भारतीय स्टेट बैंक के एटीएम में कार्ड बदलकर महिला से उचक्के ने 18 हजार की ठगी कर ली। महिला को ठगी की जानकारी तब हुई जब मोबाइल पर पैसे निकलने की सूचना मिली। घटना की शिकायत पुलिस से की गई है, पुलिस जांच में जुटी है।
विज्ञापन
कोतवाली क्षेत्र के कीर्तिपुर निवासी निशा देवी पत्नी उमेश कन्नौजिया मंगलवार को कस्बे के स्टेट बैंक शाखा से अपने पति के एटीएम कार्ड से पैसे निकालने पहुंची थी। नया एटीएम होने के कारण महिला पिन बदल रही थी। कुछ तकनीकी खामियां होने के कारण एटीएम मशीन नया पिन नहीं बना पा रही थी।
इसी बीच वही मौजूद व्यक्ति ने महिला से एटीएम लेकर पिन बदल दिया। चालाकी से महिला का एटीएम बदल कर दूसरा सुदर्शन यादव लिखा हुआ एटीएम महिला को दे दिया कि एटीम का लिंक फेल होने के कारण पैसा नहीं निकल पाएगा।
विज्ञापन
महिला के एटीएम से जाने के बाद युवक ने एटीएम से 18 हजार रुपए निकाल लिए। सूचना पर बैंक पहुंची पुलिस सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से जांच कर रही है। प्रभारी कोतवाल नीरज यादव ने बताया कि मामला संज्ञान में है। जांच की जा रही है। संवाद