बैरिया कस्बा के बीबी टोला एक निजी मकान में प्रसव के दौरान मृतका सबीना खातून। फाइल फोटो, परिजन
- फोटो : Villagers
बैरिया। बीबी टोला में अवकाश प्राप्त एएनएम के निजी आवास पर प्रसव के बाद प्रसूता मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों ने शनिवार को एएनएम के आवास पर पहुंचकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पति की तहरीर पर संबंधित एएनएम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
रेवती थाना क्षेत्र के मून छपरा गांव निवासी नसीम मंसूरी ने बताया कि पत्नी सबीना खातून (24) का पहला प्रसव होना था।
शुक्रवार की रात परिजन उसे बीबी टोला स्थित अवकाश प्राप्त एएनएम के आवास पर ले गए। वहां सामान्य प्रसव हुआ। आरोप है कि प्रसव के बाद पत्नी की हालत बिगड़ने लगी। रक्तचाप कम होने और अत्यधिक रक्तस्राव से उसकी स्थिति गंभीर हो गई। इसके बाद उसे सदर अस्पताल बलिया के लिए रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
नवजात को परिजनों ने एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया है।