लालगंज। दोकटी थाना क्षेत्र के बहुआरा गांव में रविवार रात सर्पदंश से 35 वर्षीय बबीता देवी की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बहुआरा गांव निवासी मोहन सिंह की पत्नी बबीता देवी रात में घर में चारपाई पर सो रही थीं। देर रात नींद खुलने पर वह लघुशंका के लिए चारपाई से नीचे उतरीं। इसी दौरान उन्हें किसी जीव के काटने का अहसास हुआ। छोटे जीव के काटने का भ्रम होने पर उन्होंने इसे गंभीरता से नहीं लिया और दोबारा चारपाई पर जाकर सो गईं। सुबह परिजनों को घर में सांप दिखाई दिया। इसके बाद चारपाई पर बेसुध पड़ी बबीता को जगाने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई हरकत नहीं हुई। परिजन उन्हें सीएचसी सोनबरसा ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। सोनबरसा के चिकित्सक ने बताया कि सांप के डसने पर पीड़ित को तुरंत अस्पताल ले जाएं। झाड़-फूंक, जहर चूसने या घाव काटने जैसे घरेलू उपायों में समय न गंवाएं। सभी अस्पतालों में एंटी वेनम इंजेक्शन मौजूद है, समय से इलाज होने पर जान बच सकती है। रात में जमीन पर पैर रखने से पहले रोशनी करें और सोने से पहले बिस्तर व आसपास की जगह जांच लें।