नरहीं। एनएच-31 पर बुधवार की सुबह सड़क दुघर्टना में दो लोगों की मौत हो गई। पहली घटना भरौली गोलंबर के पास और दूसरी घटना गाजीपुर जिले के सजना सलारपुर में हुई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
बुधवार को बघौना गांव निवासी लालमुनि देवी (53) पत्नी नागेंद्र राम पुत्र के साथ बाइक से भरौली गोलंबर वाराणसी के लिए बस पर सवार होने जा रही थीं। सुबह चार बजे भरौली गोलंबर से पहले पीछे से ट्रेलर ने धक्का मार दिया। इससे लालमुनि देवी की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक सवार पुत्र और पौत्री बाल-बाल बच गए। ट्रेलर चालक धक्का मारकर भाग गया। नरहीं थाना प्रभारी नदीम अहमद फरीदी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
दूसरी घटना में सरयां मौजा जददूपुर गांव निवासी गोविंद सिंह (60) एक प्राइवेट विद्यालय की बस चलाते थे। बुधवार साढ़े छह बजे सुबह अपने गांव से गाजीपुर जिले में खड़ी बस से बच्चों को विद्यालय ले जाने के लिए साइकिल से गाजीपुर जा रहे थे। सजना सलारपुर में एनएच-31 पर ट्रेलर ने धक्का मार दिया। इससे उनकी मौके पर मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे भांवरकोल थानाध्यक्ष संतोष कुमार राय ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उनके बेटे कमल सिंह की तहरीर पर अज्ञात ट्रेलर चालक के विरुद्ध पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।