नगरा कस्बा स्थित कुजड़ा मोहल्ला के समीप बस के जद में आने से हुई महिला की मौत के सूचना पर उपस्
नगरा। जनता इंटर कॉलेज के समीप कुजड़ मोहल्ला मोड़ के पास मंगलवार सुबह रोडवेज बस की चपेट में आने से 50 वर्षीय महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बलिया भेज दिया। पुलिस ने रोडवेज बस को भी कब्जे में ले लिया है। थाना क्षेत्र के परशुरामपुर बैरही निवासी सुभावती देवी (50) मंगलवार सुबह किसी काम से रसड़ा जाने के लिए घर से निकली थीं। करीब साढ़े 11 बजे वह जनता इंटर कॉलेज के पास कुजड़ मोहल्ला मोड़ पर बेल्थरारोड की ओर से आ रही रोडवेज बस को पकड़ने के लिए पहुंची। इसी दौरान किसी तरह धक्का लगने से वह बस के पिछले पहिए के नीचे आ गईं। पहिए से कुचल जाने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पुत्र भरत ने रोडवेज बस से दबकर मां की मौत होने की तहरीर पुलिस को दी है। थानाध्यक्ष संजय मिश्रा ने बताया कि रोडवेज बस को कब्जे में ले लिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।