बेल्थरारोड क्षेत्र में निर्माणाधीन सड़क का निरीक्षण करते क्षेत्रीय विधायक हंसू राम साथ में अन्य
चौकियां मोड़। बेलौली से चौकियां मोड़ तक करीब 32 करोड़ रुपये की लागत से कराए जा रहे राजमार्ग चौड़ीकरण कार्य में निर्माण सामग्री की गुणवत्ता को लेकर मंगलवार को सवाल खड़े हो गए।
क्षेत्रीय लोगों की शिकायत पर बेल्थरारोड विधायक हंसू राम ने चौकियां मोड़ के पास निर्माणाधीन सड़क का निरीक्षण किया। सड़क किनारे रखी गिट्टी और इस्तेमाल हो रही अन्य सामग्री देखने के बाद विधायक ने गुणवत्ता पर नाराजगी जताई। संबंधित अधिकारियों को निर्माण सामग्री , कार्य की तकनीकी गुणवत्ता की जांच कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने मौके पर मौजूद लोगों से निर्माण कार्य की प्रगति और इस्तेमाल की जा रही सामग्री के बारे में जानकारी ली। उन्होंने सड़क निर्माण में प्रयुक्त गिट्टी को भी देखा। विधायक का आरोप है कि निर्धारित मानक के अनुरूप गिट्टी इस्तेमाल करने के बजाय डस्ट और भस्सी जैसी सामग्री का प्रयोग किया जा रहा है। निर्माण सामग्री मानक के अनुरूप है या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि तकनीकी जांच के बाद ही होगी। कहा कि जांच में मानकों की अनदेखी सामने आने पर संबंधित कार्य का भुगतान रोका जाएगा और जिम्मेदारी तय कर कार्यदायी संस्था के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
अधिशासी अभियंता प्रांतीय खंड बलिया कमलाकांत वर्मा ने बताया कि बेलौली-चौकियामोड़ सड़क का चौड़ीकरण कार्य पूरी तरह से गुणवत्तापूर्ण हो रहा है। यदि निर्माण सामग्री में कोई शिकायत है तो उसकी जांच कराई जाएगी।