सिकंदरपुर/पंदह। थाना क्षेत्र के लीलकर गांव में पिछले 25 घंटे से मोबाइल टॉवर पर चढ़ी महिला का हाई वोल्टेज ड्रामा बुधवार दोपहर करीब तीन बजे समाप्त हो गया। कथित पति सौरभ बिंद को पुलिस देवरिया से लेकर पहुंची। तब वह टावर से उतरी। पुलिस दोनों को हिरासत में ले लिया।
उभांव थाना क्षेत्र के शाहपुर अफगा निवासी व्यक्ति डेहरी ऑनसोन में रहकर काम करता है। वहीं उसकी पहचान एक महिला से हुई और दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। महिला भी विवाहित है और उसका पति ट्रक चालक है।
सोमवार को वह व्यक्ति बिना किसी सूचना के डेहरी ऑनसोन से अपने गांव लौट आया। महिला उसको खोजते हुए शाहपुर अफगा पहुंची, लेकिन वहां वह नहीं मिला। इसके बाद वह उसकी ससुराल लीलकर पहुंच गई और परिजनों से सौरभ के बारे में पूछताछ करने लगी। जब उसे कोई जानकारी नहीं मिली तो नाराज होकर वह गांव के मोबाइल टावर पर चढ़ गई। कथित पति को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ गई। बुधवार को पुलिस व्यक्ति को देवरिया के थाना रुद्रपुर क्षेत्र के फतेहपुर रामनगर से लेकर लीलकर गांव पहुंची। सबसे पहले दोनों की मोबाइल फोन पर बातचीत कराई गई। बातचीत के दौरान महिला अपनी मांगों को लेकर दबाव बनाती रही। उस व्यक्ति द्वारा महिला की सभी बातें मानने और साथ रहने का आश्वासन दिए जाने के बाद टॉवर से नीचे उतरी।
सिकंदरपुर के सीओ रजनीश कुमार यादव ने बताया कि महिला टावर से उतर गई है। महिला और उसके कथित पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।