बलिया। औद्योगिक क्षेत्र बनरही व रसड़ा में बेहतर बिजली आपूर्ति के लिए विद्युत निगम ने योजना बना ली है। शासन से बजट भी जारी हो गया है। ट्रांसफाॅर्मरों की मरम्मत के साथ ही जर्जर केबल को बदला जाएगा। इसके लिए शासन से लगभग 1.15 करोड़ की धनराशि जारी की है।
विद्युत निगम की तरफ से 2024-25 में औद्योगिक केंद्र बनरही व रसड़ा के लिए 11 परियोजनाओं का प्रस्ताव भेजा था। इसमें दो परियोजना औद्योगिक केंद्र रसड़ा की हैं। बनरही में होने वाले कार्य से 126 उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा। इस योजना के लिए 76.52 लाख की स्वीकृति मिली है। वहीं, रसड़ा में दो कार्य के लिए 38.50 लाख की धनराशि मिली है। अधिशासी अभियंता नरेंद्र प्रकाश ने बताया कि शासन से बजट जारी हुआ है। गर्मी के पहले कार्य को पूरा कर लिया जाएगा। इससे औद्योगिक क्षेत्रों में विद्युत सप्लाई में किसी तरह की बाधा नहीं आएगी।