बैरिया। प्रदेश सरकार एक अप्रैल से गेहूं क्रय केंद्रों पर गेहूं क्रय कार्य का शुभारंभ करने का आदेश दिया था, लेकिन तहसील क्षेत्र में कही भी अब तक गेंहू क्रय केन्द्र का शुभारंभ नहीं किया गया है। लग्न का महीना शुरू हो रहा है, किसानों का सपना था कि क्रय केंद्र पर गेहूं बेचकर बेटे व बेटियों का शादी करेंगे। लेकिन क्रय केंद्र शुरू न होने से किसान खुले बाजार में औने-पौने दामों में गेहूं बेचने को मजबूर हो गए है।
तहसील क्षेत्र में हॉट गोदाम रानीगंज (करमानपुर) हाट गोदाम लालगंज (चांदपुर) सोनबरसा स्थित मंडी समिति व मानगढ़ साधन सहकारी समिति को गेहूं क्रय केंद्र बनाया गया है। लेकिन कौन से गेहूं क्रय केंद्र पर कौन-कौन सा गांव गेंहू बेचेगा अब तक सम्बद्ध नहीं किया गया है, जिससे अन्नदाता परेशान है। हद तो यह है कि सत्यापन कराने के बाद भी गेंहू विक्रय के लिए किसान भटक रहे है। दुर्जनपुर निवासी सुधांशू तिवारी, श्रीकांतपुर निवासी अमरजीत गुप्ता, गंगापुर निवासी रामजी तिवारी, श्रीनगर निवासी धनलाल आदि ने बताया कि गेहूं बेचने के लिए पहले ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन फिर तहसील से लेखपाल व कानूनगो से हिस्सेदारी निर्धारण कराने के बाद उपजिलाधिकारी को पोर्टल से सत्यापन करा लिया गया है। अब सम्बंधित हाट निरीक्षक बता रहे है कि आनलाइन टोकेन भी जारी होगा, लेकिन आनलाइन टोकेन कराने की प्रक्रिया शुरू करने पर साइड पर तहसील क्षेत्र के गेंहू क्रय केंद्र दिख नहीं रहा है।