शासन के निर्देश पर एक अप्रैल से गेहूं खरीद के लिए जिला प्रशासन की ओर से व्यवस्था कर दी गई। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिले में कुल 60 क्रय केन्द्र बनाए गए हैं। प्रत्येक केंद्र पर धन भी उपलब्ध कराई गई है और केन्द्र प्रभारी भी तैनात किए गए हैं। हालंाकि पहले दिन किसी भी केन्द्र पर कोई खरीद नहीं हो सकी। अधिकारियों की मानें किसानों की उपज तैयार नहीं होने के कारण कोई खरीद नहीं हो सकी। शासन की ओर से जिले के लिए कुल एक लाख 39 हजार कुंतल गेहूं खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
क जिलाधिकारी के निर्देश पर जिले कुल 60 गेहूं क्रय केन्द्रों का निर्धारण किया गया है। इसमें सबसे अधिक पीसीएफ के 36 केन्द्र हैं। इसके अलावा मार्केटिंग के 15, एग्रो के पांच तथा एनसीसीएफ व एफसीआई के दो-दो क्रय केन्द्र हैं। संबंधित क्रय एजेंसियों की अेार से क्रय केन्द्रों पर गेहूं की खरीद के लिए बाट, कांटा के अलावा केन्द्र प्रभारी की भी तैनाती कर दी गई थी। हालांकि पीसीएफ के कुछ केन्द्रों पर कांटा खराब होने के कारण उसे मरम्मत करने का काम भी चलता रहा। जिला विपणन अधिकारी ने बताया कि जिले में निर्धारित सभी क्रय केन्द्रों पर किसानों के गेहूं खरीद के इंतजाम किए गए हैं।
बताया कि किसानों की सुविधा के लिए केन्द्र प्रभारी के अलावा प्रत्येक केन्द्र पर दो से चार अन्य सहायकों की तैनाती की जाएगी और कमी पड़ने पर प्राइवेट सेक्टर से कर्मी रखे जाएंगे। उन्होंने बताया कि इस साल किसानों के गेहूं प्रति कुंतल 1625 रुपए की दर से खरीदे जाएंगे और तौल होने के 24 घंटे के अंदर किसानों के खाते में आरटीजीएस के जरिए धनराशि भेज दी जाएगी। जिला विपणन अधिकारी की मानें तो किसानों के गेहूं खरीदने के लिए सभी क्रय केन्द्रों पर पर्याप्त मात्रा में धनराशि उपलब्ध है। दावा किया खासकर मार्केटिंग के क्रय केन्द्रों पर एक सप्ताह तक की खरीद के लिए धनराशि उपलब्ध है।
घोघा संवाददाता के अनुसार, शासन के निर्देशानुसार बांसडीह तहसील बांसडीह के केवरो ग्राम में विपणन केंद्र पर शनिवार को गेहूं क्रय केंद्र खुला गया। विपणन केंद्र के मार्केटिंग इंस्पेक्टर शेख इफ्तिकार अली ने बताया कि बांसडीह तहसील के लिए गेहूं खरीद्दारी का लक्ष्य 6हजार मैट्रिक टन रखा गया है। किसान अपना गेहूं विक्रय करने के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराने के बाद अपनी साफ-सुथरा गेहूं क्रय केंद्र को बेच सकते हैं। इसके लिए आधार कार्ड और किसान बही का होना आवश्यक है।
क्रय केंद्र सुबह नौ बजे से लेकर शाम 6 बजे तक खुला रहेगा। हालांकि क्रय केंद्र खोलकर बैठे मार्केट इंस्पेक्टर को शाम तक किसी किसान ने रजिस्ट्रेशन नहीं कराया था। जिसके कारण एक भी बोहनी नहीं हो पाई। इसका कारण अभी किसानों का गेहूं नहीं कटना बताया जा रहा है। सिकंदरपुरः विपणन केंद्र नवानगर पर शनिवार को केंद्र प्रभारी रमेश यादव के नेतृत्व में गेहूं क्रय केंद्र खोला गया। लेकिन अभी गेहूं की कटाई शुरु नहीं होने के कारण किसान गेहूं लेकर नहीं पहुंचेे।