बलिया। गर्मी की छुट्टियों के बाद मंगलवार को स्कूल खुलते परिषदीय विद्यालय, सरकारी और गैर सरकारी स्कूल बच्चों से गुलजार हो गए। पहले दिन बच्चों की उपस्थिति लगभग 40 फीसदी ही रही। शिक्षकों ने बच्चों का परिचय पूछा और छुट्टियों की गतिविधियों के बारे में पूछताछ की। वहीं, बच्चों का समय खेलकूद और मस्ती में बीता। उधर, नव प्रवेशी छात्रों का रोली व टीका लगा कर अध्यापकों ने स्वागत किया।
दोपहर में बच्चों ने एमडीएम के तहत खीर व हलवा का स्वाद चखा। प्राइवेट स्कूलों में शैक्षिक सत्र 2025-26 के लिए अप्रैल में ही छात्रों के दाखिले की प्रक्रिया पूरी कर ली गई थी और अप्रैल में ही शैक्षिक सत्र भी शुरू कर दिया गया था। करीब डेढ़ माह तक पठन-पाठन के बाद बीते 20 मई को स्कूलों में गर्मी की छुट्टी कर दी गई थी।
शिक्षा क्षेत्र दुबहड़ अंतर्गत पीएम श्री विद्यालय, अमृतपाली में मंगलवार को सुबह आठ बजे बच्चे स्कूल पहुंचे, जहां उनका शिक्षकों ने माल्यापर्ण व रोली व टीका लगा कर स्वागत किया। उसके बाद कक्षाओं में प्रवेश कराया गया। दोपहर के भोजन में बच्चों को खीर खिलाया गया। इस दौरान स्कूल के सभी शिक्षक शिक्षिका मौजूद रहे। प्रधानाध्यापिका प्रतिमा उपाध्याय ने बताया कि छह से अधिक नए बच्चों का नए सत्र में शामिल किया गया। जबकि गांव में बच्चों को स्कूल प्रतिदिन भेजने के लिए अभिभावकों को जागरूक किया गया। शिक्षकों ने स्कूल को रंगोली से सजा रखा था। उसके बाद पहले दिन की बच्चों को पढ़ाई कराई गई। प्रधानाध्यापिका प्रतिमा उपाध्याय ने बताया कि एक पखवाड़े तक स्कूल चलो अभियान चलेगा। इस अवसर पर प्रधानाध्यापिका प्रतिमा उपाध्याय, सहायक अध्यापिका प्रसुन पाठक, पल्लवी सिंह, शिक्षामित्र निरुपमा सिंह व कविता यादव आदि रही।