नगरा। बाजार में बारिश शुरू होते ही जलनिकासी की व्यवस्था की पोल खुल गई है। शुक्रवार को हुई मूसलाधार बारिश से दुर्गा मंदिर, हनुमान मंदिर चौक से लेकर नगरा रसड़ा मार्ग पर इंटर कॉलेज मुख्य गेट के सामने तालाब सा दृश्य उत्पन्न हो गया। सड़क पर घुटने तक पानी लग गया। राहगीर वाहनों सहित गंदे पानी में गिरते रहे।
दुर्गा चौक से लेकर इंटर कॉलेज गेट के सामने तक की नाली या तो ध्वस्त हो गई है या अतिक्रमण से जाम हो गई है। दुकानदारों ने अपनी दुकानों के सामने नाली में कचरा डाल कर जाम कर दिया है। नालियों की सफाई न होने से बारिश का पानी सड़क पर ही जमा हो जाता है। नगरा घोसी मार्ग पर आनन फानन में सड़क के एक तरफ नाली का निर्माण तो करा दिया गया है लेकिन सडक के दूसरी तरफ नाली का निर्माण नहीं हो सका है। वहीं नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी संजय राव ने बताया कि नगर पंचायत में जाम पड़ी नालियों की सफाई शीघ्र ही कराई जाएगी। कुछ लोग नालियों के ऊपर दुकान लगा कर अतिक्रमण किए हैं। उन्हे शीघ्र ही हटाया जाएगा। इसके लिए जल्द ही मुनादी कराई जाएगी।