सहतवार। क्षेत्र के ग्राम सभा बलेऊर में बरसात के कारण मुख्य मार्ग पर जलभराव होने से लोगों का आवागमन बंद हो गया है। इसके चलते दुकानदारों की खरीद बिक्री भी प्रभावित हो रही है। व्यापारियों ने मार्ग के निर्माण के लिए गुहार लगाई है।
बताया जाता है कि सहतवार रेवती मुख्य मार्ग से ग्राम सभा बलेऊर से लक्ष्मी मंदिर होते नगर पंचायत बाजार में जाने के लिए यह मुख्य मार्ग है। लेकिन पानी का निकास का कोई साधन नहीं होने से हो रही बारिश के कारण इस मुख्य मार्ग पर हमेशा पानी लग जाता है। जिससे लोग इस रास्ते को छोड़कर लिए मंडी होते हुए मुख्य बाजार जाते हैं। पानी लगने के कारण ग्राहकों के नहीं आने से स्टेट बैंक रोड के दुकानदारों सहित नई बाजार के दुकानदारों का कारोबार प्रभावित हो गया है।
दुकानदार हीरालाल गुप्ता का कहना है कि पहले कुछ बिक्री भी हो जाती थी। लेकिन जब से बरसात शुरू हुई है सड़क पर पानी लग गया है जिसके चलते ग्राहक नहीं आ रहे हैं। दुकानदार बंटी गुप्ता ने कहा कि इस मार्ग पर जलभराव होने के कारण हम लोगों की दुकानदारी चौपट हो गई है। व्यापारियों ने इस मार्ग को बनवाने की मांग की है।