सिविल कोर्ट में पेशी के लिए एक आया कैदी गुरुवार को पुलिसकर्मियों को चकमा देकर कोर्ट की दीवार फांदकर फरार हो गया। कंट्रोल रूम से सूचना प्रसारित होने के बाद हरकत में आई पुलिस ने आननफानन में घेरेबंदी कर उसे रेलवे स्टेशन से दबोच लिया। कैदी को पकड़ने के लिए पुलिस को स्टेशन पर हवाई फायरिंग भी करनी पड़ी जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई।
मनियर थाना क्षेत्र के कोटवा महेंद्रा गांव निवासी बृजेश मिश्र 28 जून को बाइक चोरी के आरोप में जेल गया था। गुरुवार को एसीजेएम प्रथम के यहां पेशी के लिए उसे पुलिस वाहन से लाकर कोर्ट के लॉकअप में रखा गया था। कुछ देर बाद उसने लघुशंका करने को कहा।
इस पर पुलिसकर्मियों ने उसे लॉकअप के बीच बने बाथरूम में जाने को कहा। जैसे ही पुलिसकर्मियों की नजर उससे हटी, वैसे ही उसने कोर्ट परिसर की दीवार फांदकर रेलवे कालोनी की बाउंड्री में छलांग लगा दी। कुछ ही देर में वह रेलवे स्टेशन पहुंच गया। उधर, कैदी के फरार होने की सूचना सेट पर गूंजने लगी। नगर के सभी मार्शल और चौकी प्रभारियों को अलर्ट कर दिया गया।
एएसपी केसी गोस्वामी, सीओ डीपी सिंह के अलावा सिविल लाइन चौकी प्रभारी संजीव दुबे भी उसकी तलाश में निकल गए। पुलिस जब रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर पहुंची तो उसे देख कैदी भागने लगा, लेकिन चौकी प्रभारी सत्येंद्र राय ने झाड़ी में कूदकर उसे दबोच लिया। हालांकि इसके पहले पुलिस ने हवाई फायरिंग भी की ताकि वह भाग न पाए। कैदी को पकड़कर अक्डेनगंज पुलिस चौकी लाया गया। पूछताछ के बाद उसे कोतवाली भेज दिया गया। वहां एसआई सदानंद यादव की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर उसे कोर्ट भेज दिया गया।