रेवती-सुरेमनपुर रेलमार्ग के बीच दलछपरा हाल्ट के पश्चिम स्थित 34/9 पोल के पास रेलवे ट्रैक बुधवार की सुबह टूटा मिला। इसकी जानकारी कीमैन ने रेलवे कंट्रोल रूम को दी। सुबह से ही ट्रेनों को काशन पर गुजारा गया।
रेवती-सुरेमनपुर मार्ग पर बुधवार की सुबह करीब साढ़े नौ बजे कीमैन विजय कुमार ट्रैक का निरीक्षण कर रहा था। इसी बीच उसकी नजर दलनछपरा हाल्ट के समीप करीब ढाई इंच टूटे ट्रैक पर पड़ी।
रात में टूटे ट्रैक पर कई ट्रेनें गुजर चुकी थी। संयोग अच्छा रहा कि कोई हादसा नहीं हुआ। आनन-फानन में उस मार्ग से होकर गुजरने वाली सभी ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर रोक दिया गया। पीडब्ल्यूआई आरके चौहान ने टूटी पटरी को किसी तरह जोड़कर काम चलाने योग्य बनाया।
इसके बाद डाउन पैसेंजर, डाउन उत्सर्ग, अप सारनाथ और अप सद्भावना सहित अन्य ट्रेनों को काशन पर गुजारा गया। आरके चौहान ने बताया कि यह हेयर क्रैक है, तत्काल में इसे काम चलाऊ बनाकर काशन पर ट्रेनों को गुजारा जा रहा है। गुरुवार को इसे दुरुस्त कर लिया जाएगा।