बैरिया क्षेत्र के कोटवा वीर बहादुर उर्वरक केन्द्र रानीगंज गोदाम को सील करते जिला कृषी अधिकारी व?
- फोटो : BALLIA
बैरिया। क्षेत्र के कोटवां में स्थित वीर बहादुर उर्वरक केंद्र रानीगंज पर मंगलवार को जिला कृषि अधिकारी विकेश कुमार ने छापेमारी की। इस दौरान दुकान के गोदाम में मानक से अधिक खाद का भंडारण मिलने पर गोदाम को सील कर दिया। साथ ही दुकान से उर्वरक की बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया। उन्होंने दुकानदार से स्पष्टीकरण मांगा है। साथ ही जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजकर दुकानदार पर मुकदमा दर्ज कराने की सिफारिश की है।
कोटवां स्थित वीर बहादुर उर्वरक केंद्र रानीगंज के गोदाम में मानक से अधिक विभिन्न उर्वरकों के भंडारण की शिकायत पर जिला कृषि अधिकारी ने मंगलवार को दुकान पर छापेमारी की और गोदाम में रखे उर्वरकों का निरीक्षण किया। इस दौरान गोदाम संख्या एक में यूरिया शक्तिमान 700 बोरी, यूरिया जेपी 800 बोरी, एमओपी 300 बोरी, डीएपी आईआईएल 1792 बोरी, डीएपी कृभको 500 बोरी, डीएपी आईपीएल 600 बोरी, एमओपी पोटाश 50 बोरी, अमोनिया सरदार 60 बोरी व जाईम 150 बाल्टियां मिली। गोदाम में बेतरतीब तरीके से उर्वरक रखे जाने के कारण अन्य उर्वरकों की संख्या स्पष्ट नहीं हो सकी। इनकी दुकान पर भी आईपीएल डीएपी 300 बोरी, यूरिया शक्तिमान 60 बोरी, डीएपी नवरत्न 100 बोरी, आईपीएल डीएपी 325 बोरी, कैल्शियम उत्तम 96 बोरी, कैल्शियम यारा 24 बोरी, जिंक सम्राट व शक्तिमान की चार-चार बोरिया और एसएसपी चार बोरियां रखी मिली। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि दुकान पर परिवार भी रहता है लिहाजा दुकान को सील नहीं किया गया लेकिन गोदाम नंबर एक को सील कर दिया गया। दुकान पर रखे उर्वरक की बिक्री पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। बताया कि मानक से अधिक उर्वरक भंडारण मिलने के कारण दुकानदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए जिलाधिकारी को संस्तुति भेजी गई है। बताया कि दुकानदार से भी मानक से अधिक उर्वरक भंडारण के बाबत स्पष्टीकरण मांगा गया है।