बलिया। पूरे उल्लास के साथ सोमवार को 66वें गणतंत्र दिवस पर जिले भर में शान से तिरंगा फहराया गया। इस मौके पर सोमवार को पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड में सूबे के खादी ग्रामोद्योग मंत्री नारद राय ने परेड की सलामी ली और झंडारोहण कर शहीदों को नमन किया।
मंत्री ने कहा कि बलिया के वीर सपूतों ने अपने प्राण देकर देश को आजाद कराया। इस मौके पर जीआईसी के प्रवक्ता डा. इफ्तेखार खां के नेतृत्व में बच्चों ने ‘वन बचाओ’ पर शानदार झांकी निकाली। इसके साथ ही ‘सर्व-धर्म समभाव’ विषय पर सेंट जेवियर्स और नागाजी विद्यालय माल्देपुर के बच्चों ने झांकी प्रदर्शित किया।
उधर जिला मुख्यालय के कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी यशवंत राव ने झंडारोहण किया। निजी एवं सरकारी विद्यालयों में छात्रों ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति की। कलेक्ट्रेट में उपस्थित सभी कर्मियों को संविधान के प्रति आस्था रखने के लिए शपथ दिलाई गई। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं लोकतंत्र सेनानियों को माल्यार्पण कर अंगवस्त्रम एवं मिठाई देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिलाधिकारी यशवंत राव, पुलिस कप्तान राजू बाबू सिंह, अपर जिलाधिकारी खेमपाल सिंह, सभी सर्किलों के क्षेत्राधिकारी, इंसपेक्टर, थानाध्यक्ष सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
नागा जी सरस्वती विद्या मंदिर जीराबस्ती में गणतंत्र दिवस के मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर सेवानिवृत्त सीएमओ डा. बद्रीनाथ गुप्त ने कहा कि धरोहर को धारण करते हुए राष्ट्र की गरीमा को सदैव ऊंचा करने का सतत प्रयास करना चाहिए। अथितियों का स्वागत प्रधानाचार्य मणिराम मिश्र ने किया।
पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लि. खंड प्रथम/द्वितीय के कर्मचारियों ने गणतंत्र दिवस पर खंडीय कार्यालय पर ध्वजारोहण एवं खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया।
खेलकूद में मुख्य रूप से रस्सा-कसी, दौड़, वालीबाल, क्रिकेट एवं बैडमिंटन आदि खेलों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अधिशासी अभियंता बृजेश कुमार ने किया। इस मौके पर विशिष्ठ अतिथि आशीष कुमार चौहान तथा आरपीएस यादव ने खेल में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय आए खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। कुंवर सिंह पीजी कालेज में गणतंत्र दिवस के मौके पर प्राचार्य डा. अंजनी कुमार सिंह ने झंडारोहण किया। इस मौके पर एनसीसी कैडेट्स ने मार्चपास्ट की सलामी दी।
विद्यालय परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना के छात्र-छात्राओं द्वारा निकाली गयी अनेकता में एकता की झांकी आकर्षण की केंद्र रही। अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार सुरक्षा संघ के बलिया इकाई द्वारा बहादुरपुर स्थित कार्यालय पर गणतंत्र दिवस के दिन झंडारोहण किया गया। इस मौके पर डा. आरआर प्रसाद, डा. जगजीवन प्रसाद गुप्ता, डा. जेपी कुशवाहा आदि मौजूद रहे।
भारतीय जनता पार्टी कार्यालय पर जिलाध्यक्ष देवेंद्र यादव ने ध्वजारोहण किया। इस मौके पर उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रगान गाया। जिलाध्यक्ष ने सभी कार्यकर्ताओं को शुभकामना दी। इस मौके पर डा. अरूण श्रीवास्तव, सुरेंद्र सिंह, अनूप चौबे, जितेंद्र तिवारी, नगेंद्र पांडेय, संजय मिश्र आदि लोग उपस्थित रहे।
पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष एवं प्रबंधक पंडित अवध बिहारी चौबे ने उच्च माध्यमिक विद्यालय जवहीं दियर के प्रांगण में गणतंत्र दिवस पर झंडारोहण किया। इस मौके पर मुख्य रूप से विश्वनाथ चौबे, परमात्मानंद आदि लोग रहे। नागाजी सरस्वती मंदिर भृगु आश्रम में गणतंत्र दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया।
इस मौके मुख्य अतिथि प्रेमधर पांडेय प्रदेश निरीक्षक गोरक्ष प्रांत ने झंडारोहण किया। नगर के गुलाबदेवी महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सेवा निवृत्त पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार वर्मा ने झंडारोहण कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।