दो दिन राहत भरी धूप के बाद शनिवार की देर रात मौसम ने एक बार फिर से करवट लिया। नतीजतन रविवार को करीब 12 बजे तक कोहरा छाया रहा। इसके चलते वाहन और ट्रेनों को दिन में भी लाइट जलाकर चलना पड़ा।
गाड़ियां गंतव्य तक विलंब से पहुंचीं। वहीं फिर से ठंड के बढ़ने के कारण लोग घरों में दुबके नजर आए। मौसम वैज्ञानिकों की माने तो गणतंत्र दिवस के कार्यक्रम के दिन हल्की बारिश की संभावना भी है।
मौसम के उतार-चढ़ाव से आमजन की परेशानी काफी बढ़ गई है। कभी धूप तो कभी सर्द हवा और कोहरे के प्रकोप से आमजन, पशु-पक्षी बेहाल हैं। इसमें मासूम बच्चों के साथ बुजुर्गों का सबसे बुरा हाल है।
रविवार को मानव के साथ ही पशु भी आग के पास खड़े होकर ठंड दूर करते नजर आए। वहीं जगह-जगह लोग कागज, दफ्ती और लकड़ी का अलाव जलाकर गर्मी लेते नजर आए।
दोपहर 12 बजे के बाद भगवान सूर्य के दर्शन के बाद राहत मिली। पिछले दो दिनों से हो रही धूप से लोगों ने काफी राहत महसूस किया था लेकिन शनिवार की देर रात एक बार फिर कोहरे ने पांव पसार लिया।
इससे एक बार फिर लोगों को ठंड की मार झेलनी पड़ी। इसके चलते सड़क और बाजारों में चहलकदमी कम हो गई। धूप निकलने के बाद थोड़ी रौनक आई।