सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन वीआईपी यात्री निवास में बंद पड़ा ताला।संवाद
बैरिया। छपरा और बलिया जंक्शन के बीच बी ग्रेड के रेलवे स्टेशन सुरेमनपुर स्टेशन पर घने कोहरे और कड़ाके की ठंड यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा रही हैं। स्टेशन परिसर में ठंड से बचाव के लिए न तो बैठने की समुचित व्यवस्था है और न ही अलाव की। मजबूरी में यात्रियों को खुले आसमान के नीचे ठिठुरते हुए समय काटना पड़ रहा है। वीआईपी यात्री निवास एक माह तक किसी तरह चला। इसके बाद उसमें भी ताला लटक गया।
ट्रेनों के घंटों लेट होने की वजह से दूर-दराज से आने वाले यात्रियों को रात भर ठंड में गुजारनी पड़ रही है। खासकर बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे अधिक प्रभावित हैं। यात्रियों का कहना है कि पूर्व वर्षों में रेलवे स्टेशन के बाहर अलाव की व्यवस्था की जाती थी। इस बार कोई इंतजाम नहीं किया गया है। महिला व पुरुषों के लिए प्लेटफाॅर्म नंबर एक पर दो यात्री निवास जीर्णशीर्ण हैं। यात्रियों ने रेलवे प्रशासन और तहसील प्रशासन से मांग की है कि सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन पर अलाव, बैठने और अन्य मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराई जाए।
ठेके के बाद भी नहीं खुला ताला
एक बार पुनः वीआईपी यात्री निवास के लिए ठेका हुआ है। इसमें लोकल एक व्यक्ति ने रोज 130 रुपये व एक अन्य ने 210 रुपये के हिसाब से टेंडर डाला। 210 रुपये वाले व्यक्ति को टेंडर तो मिल गया, लेकिन वह भी यात्री निवास का संचालन नहीं कर सका।
रेलवे के पास ऐसा कोई कोष उपलब्ध नहीं है, जिससे अलाव की व्यवस्था की जा सके। वीआईपी यात्री निवास का संचालन कराने की जिम्मेदारी मंडल रेल प्रबंधक की है, इसमें हम लोग कुछ नहीं कर सकते हैं। - पीआर पटेल, अधीक्षक सुरेमनपुर।