फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चुनावी रंजिश में मारपीट, हवाई फायरिंग, 7 गिरफ्तार

विज्ञापन
विज्ञापन
नरही (बलिया)। थाना क्षेत्र के पिपरा कलां गांव में शुक्रवार की रात बीडीसी पद के दो दावेदारों के यहां चल रही दावत के दौरान दो पक्षों में मारपीट के बाद ईंट-पत्थर चले और दोनों तरफ से करीब 10 राउंड फायरिंग की गई। सूचना मिलते ही नरही, चितबड़ागांव, फेफना थाने की पुलिस एवं एसपी मौके पर पहुंचे। घटना में गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति का इलाज ट्रॉमा सेंटर वाराणसी में चल रहा है। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर सात लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
विज्ञापन

विकास खंड सोहांव के पिपरा कलां गांव में शुक्रवार की रात साढ़े नौ बजे क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के दावेदार आकाश सिंह एवं मनीष सिंह धीरज की अलग-अलग दावत चल रही थी। दोनों दावेदार एक ही सीट पर ताल ठोकने की तैयारी में हैं। दोनों का घर पास में ही है। आकाश सिंह की दावत रात करीब नौ बजे खत्म हो गई, जबकि दूसरे पक्ष के मनीष सिंह धीरज की दावत विक्रमा सिंह के दरवाजे पर रात 9.30 बजे तक चल रहा था। आरोप है कि इस बीच रास्ते से गुजर रहे एक व्यक्ति पर मनीष सिंह की तरफ से छींटाकशी की गई जिसका विरोध आकाश सिंह के समर्थकों ने किया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में कहासुनी होने के बाद ईंट पत्थर चलने लगे। इस घटना में आकाश सिंह के पिता चंद्रभान सिंह (62) के सिर पर गंभीर चोर्टें आइं। इसके बाद हो-हल्ला मचने पर दोनों तरफ से फायरिंग शुरू हो गई। गोली लगने से एक पक्ष की दो गाड़ियों के शीशे टूट गए तथा वाहन में दो छेद हो गए हैं। सूचना मिलते ही नरही थाना प्रभारी योगेंद्र बहादुर सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। उधर, चितबड़ागांव और फेफना थाने पुलिस के साथ ही पुलिस अधीक्षक डॉ विपिन ताडा भी घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने दोनों पक्षों से सात लोगों को हिरासत में ले लिया। आकाश सिंह की तहरीर पर बलवा आदि तथा मनीष सिंह की तरफ से विजय सिंह बागी की तहरीर पर हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में सात लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर हिरासत में लिए गए लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। उधर, घटना में गंभीर तरह से घायल चंद्रभान सिंह को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरहीं लाया गया। जहां चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देख जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। स्थिति गंभीर होने पर बलिया से वाराणसी रेफर कर दिया गया। जहां उनका इलाज ट्रॉमा सेंटर वाराणसी में चल रहा है। पुलिस ने मनीष सिंह धीरज की सफारी गाड़ी एवं आकाश सिंह की एंबुलेंस को कब्जे में ले लिया है। नरही थाना प्रभारी योगेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि इस मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है। एहतियात के तौर पर घटनास्थल पर पुलिस की तैनाती कर दी गई है।
वर्जन :
थाना नरही के पिपरा गांव में दो पक्षों के बीच फायरिंग की गई। सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों के सात लोगों को गिरफ्तार संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज जेल भेज दिया गया। दोनो पक्ष पड़ोसी हैं और आपस में परिचित हैं। घटना में किसी को गोली नहीं लगी है। पत्थर की चोट से एक व्यक्ति घायल है जिसकी स्थिति सामान्य है। -डॉ विपिन ताडा, एसपी, बलिया
विज्ञापन

चुनाव में दावेदारी के लिए आकाश ने की कोर्ट मैरिज
नरही। विकास खंड सोहांव का पिपरा कला गांव फायरिंग के बाद सुर्खियों में है। पिपरा कलां गांव के वार्ड नंबर छह से 10 तक की बीडीसी सीट सामान्य महिला है। आकाश सिंह की शादी मई महीने में होनी है, लेकिन महिला सीट पर चुनाव लड़ने के लिए आकाश ने पहले ही कोर्ट मैरिज कर लिया है और अपनी पत्नी को क्षेत्र पंचायत सदस्य की चुनाव लड़ाने की तैयारी में हैं। सोहांव ब्लॉक प्रमुख का पद भी सामान्य है। सारी तैयारी इसके मद्देनजर है। जबकि मनीष सिंह धीरज की निगाह भी ब्लॉक प्रमुख पद पर है और इसके लिए इसी बीडीसी वार्ड से चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं।
पहले भी दोनों पक्षों में हो चुकी है हाथापाई
नरही। विकास खंड सोहांव के पिपरा कला गांव में चुनावी सरगर्मी बहुत दिनों पहले से है। बीते 10 फरवरी को गांव के खेल मैदान पर फुटबॉल का फाइनल मैच खेला गया था। गंवई राजनीति गरम होने की जानकारी जब पुलिस को लगी तो तत्कालीन एसएचओ ने खेल मैदान पर वज्र वाहन के साथ अतिरिक्त पुलिस बल लगा दिया था, ताकि विपरीत परिस्थितियों से निपटा जा सके। इसी तरह एक अप्रैल को बूथ हटाने को लेकर मौका-मुआयना करने तहसीलदार पहुंचे थे, जहां दोनों पक्ष के समर्थकों के बीच हाथापाई हुई थी। हालांकि बीच बचाव कर शांत करा दिया गया था। काफी दिनों से दोनों पक्षों के बीच चल रहे वर्चस्व की लड़ाई शुक्रवार सामने आ गई और दोनों पक्षों से हवाई फायरिंग की गई।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें