सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त के भांजा विनय सिंह जमीन का कागजात दिखाते हुए।
- फोटो : BALLIA
बलिया। सुदिष्ट बाबा मेला की जमीन का मामला गरमाता ही चला जा रहा है। बुधवार को विधायक सुरेंद्र सिंह ने डीएम से मिल कर इस मामले में कार्रवाई की मांग की थी। वहीं बृहस्पतिवार को सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त के भांजे विनय सिंह जमीन के दस्तावेज और किसानों के साथ डीएम से मिलने आवास पहुंच गए। जिलाधिकारी ने जमीन के सभी दस्तावेजों को देखा और किसानों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि सभी पहलुओं पर मामले की जांच की जा रही है।
जिलाधिकारी से मिलने के बाद विनय सिंह ने कहा कि बैरिया विधायक बेतुकी बयानबाजी कर रहे हैं। पहले वे जमीन का कागजात देख लें, उसके बाद किसी पर आरोप प्रत्यारोप करें। वे प्रतिदिन अपना बयान बदल रहे हैं। कहा कि विधायक पहले दिन 100 बीघा तो दूसरे दिन 6 सौ बीघा जमीन की बात की। पहले वे अपने बयान पर कायम रहें। पत्रकारों के समक्ष कुछ तथ्य रखते हुए विनय सिंह ने कहा कि मैंने जो जमीन खरीदी है वह ग्राम समाज की नहीं, बल्कि किसानों की पुश्तैनी जमीन है। जिस जमीन पर मेला लगता है वह दो किमी दूर है। मुझे सरकार पर पूरा विश्वास है कि इस मामले में मुझे नियमानुसार न्याय मिलेगा।