सहतवार। थाना क्षेत्र के बिसौली गांव में कोरोना पॉजिटिव केस आने के बाद बुधवार को सैम्पल लेने गई स्वास्थ्य टीम व पुलिस को ग्रामीणों ने खदेड़ दिया। इसकी सूचना स्वास्थ्य टीम ने पुलिस व विभाग के उच्चाधिकारियों को दी। इस दौरान ग्रामीण सैम्पल नहीं देने के जिद पर अड़े रहे। सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस पहुंची और पुलिस के सहयोग से स्वास्थ्य टीम एक महिला का सैम्पल लेने में कामयाब हो सकी।
बताया जाता है कि जिसका सैम्पल लिया गया है वह कोरोना संक्रमित महिला की सहेली है। अब वह महिला स्वस्थ होकर अपने बेटे के साथ घर पहुंच गई है। सवाल यह उठता है कि जब कोरोना संक्रमितों के नजदीकी सैम्पल लेने वाली टीम को खदेड़ेंगे तो कोरोना पर विजय कैसे पाया जा सकता है। इसके लिए गांव व क्षेत्र के प्रबुद्घजनों व जनप्रतिनिधियों को आगे आना होगा और स्वास्थ्य टीम को सहयोग करना होगा। अन्यथा वह दिन दूूर नहीं, जब पूरा गांव कोरोना की चपेट में आ जाएगा। इस बाबत सैंपल लेने गए डा. धर्मेंद्र कुमार ने कहा कि उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। उनके निर्देशानुसार तहरीर दी जाएगी।