बलिया। बांसडीह विधानसभा क्षेत्र की भाजपा प्रत्याशी केतकी सिंह और उनके ससुर द्वारा मतदाताओं से धक्का-मुक्की करने और धमकी देने का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वह किसी को दस जूते मारने और एक गिनने की बात कह रही हैं।
केतकी का मुख्य मुकाबला नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी से है। क्षेत्र में यह प्रकरण इतना चर्चित हो गया कि सपा ने वीडियो को ट्वीट करते हुए चुनाव आयोग से इस बात की शिकायत की है। इसमें उनके द्वारा मतदाताओं को धमकाने का आरोप लगाया गया है। सपा ने लिखा है कि बलिया जिले की बांसडीह विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ अभद्रता करते हुए धमकी दे रही हैं। जिला प्रशासन और चुनाव आयोग तत्काल संज्ञान लेते हुए भयमुक्त और निष्पक्ष मतदान कराने की कृपा करें। स्थानीय लोगों के अनुसार केतकी सिंह के बस्ते पर रखा सामान एक सुभासपा नेता ने फेंक दिया था। जिस पर वह पहुंची तो उनका विवाद हो गया। जिस पर उन्होंने यह बात कही।