चिलकहर। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत सेल्फ सर्वे में शामिल पात्र लाभार्थियों के सत्यापन का कार्य जिले में तय समय सीमा के बावजूद अभी तक पूरा नहीं हो सका है। 31 जुलाई तक सभी लाभार्थियों का सत्यापन पूरा कर लेना था, लेकिन अगस्त माह बीतने को है बावजूद कई ब्लॉकों में काम अधर में लटका है।
हालांकि जिले के केवल तीन ब्लॉकों चिलकहर, गड़वार और हनुमानगंज ने 100 प्रतिशत सत्यापन कार्य पूरा कर लिया है। वहीं जिले के 14 ब्लॉक अभी लक्ष्य से पीछे हैं।
सेल्फ सर्वे सत्यापन के मामले में जिले में सबसे पिछड़ा ब्लॉक बेलहरी है। यहां 1024 लोगों का सत्यापन शेष है। यही नहीं, 25 दिनों की अतिरिक्त मोहलत के बावजूद यहां की प्रगति बेहद धीमी रही है। पिछले 25 दिनों में कई ब्लॉकों ने अपनी प्रगति में तेजी जरूर दिखाई है, लेकिन समय पर लक्ष्य हासिल नहीं कर सके। सत्यापन का काम यदि इसी गति से चलता रहा तो लाभार्थियों को योजना का लाभ समय पर नहीं मिल पाएगा।
लंबित सत्यापन की स्थिति
जनपद के मनियर ब्लॉक में 663, बेरुआबारी में 439, दुबहड में 425, पंदह में 372, मुरलीछपरा में 307, रेवती में 300, बैरिया में 291, सोहाव में 169, नवानगर में 153, बांसडीह में 130, नगरा में 92, रसड़ा में 39 और सीयर में 26 लोगों का सत्यापन अब भी बाकी है। इस प्रकार जिले में कुल 4430 आवेदकों का सत्यापन लंबित है। देखना दिलचस्प होगा कि अगस्त माह में भी सत्यापन का कार्य पूरा हो पता है या नहीं। उधर सत्यापन में देर होने से पीएम आवास योजना के लाभार्थियों का इंतजार बढ़ता का रहा है।
सभी ब्लॉकों के प्रत्येक गांव में सत्यापन का मॉनिटरिंग खंड विकास अधिकारी कर रहे हैं। सत्यापन का कार्य बहुत तेजी से चल रहा है। हर हाल में 31 अगस्त तक पूरा कर लिया जाएगा। वहीं संबंधित अधिकारियों को हर हाल में पूरा करने का निर्देश भी दे दिया गया है।
-ओजस्वी राज, सीडीओ,बलिया।