बलिया। उत्तर प्रदेश की सीमा में बिना वैध अंतरराज्यीय परिवहन प्रपत्र (आईएसटीपी) के खनिज लाने वाले वाहनों की छह से आठ अक्तूबर तक जांच की गई। 500 वाहनों की जांच में 60 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 30 लाख 51 हजार 760 रुपये का अर्थदंड लगाया गया।
उत्तर प्रदेश शासन और जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला खनन अधिकारी सौरभ कुमार के नेतृत्व में प्रवर्तन टीम ने सीमावर्ती मार्गों पर खनिज परिवहन करने वाले वाहनों की जांच की। मौरंग, गिट्टी समेत अन्य उपखनिजों को लेकर आने वाले वाहनों के आवश्यक प्रपत्रों का सत्यापन किया गया। जांच में बिना वैध आईएसटीपी और संबंधित दस्तावेजों के परिवहन करने वाले वाहन पकड़े गए।
जिला खनन सौरभ कुमार ने कहा किया कि आवश्यक प्रपत्रों के बिना उपखनिजों का परिवहन नियमों के विरुद्ध है। ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि अवैध खनिज परिवहन पर अंकुश लगाने और राजस्व की सुरक्षा के लिए आगे भी जांच अभियान जारी रहेगा।