बैरिया विधायक सुरेंद्र सिंह के हस्तक्षेप से बृहस्पतिवार की देर शाम यूपी-बिहार को जोड़ने वाले जयप्रभा सेतु पर वाहनों का आवागमन शुरू हो गया। पुलिस ने लगाए गए अस्थाई बैरियर को भी हटा लिया है।
बृहस्पतिवार की देर शाम करीब 10 बजे विधायक सुरेंद्र सिंह मांझी स्थित जयप्रभा सेतु पर पहुंच गए। वहां वाहनों की दोनों तरफ लंबी कतार देखकर वहां तैनात पुलिस वालों से आवागमन रोके जाने का कारण पूछा। पुलिसकर्मियों ने बताया कि एनएचएआई ने काम पूरा करा लिया है। डीएम साहब के आदेश की प्रतीक्षा है। उनके आदेश के बाद ही यातायात शुरू होगा। विधायक ने मौके से ही एनएचएआई के अधिकारियों व जिलाधिकारी एवं मंडलायुक्त आजमगढ़ से मोबाइल पर बात की और तत्काल यातायात शुरू कराने व बैरियर हटाने को कहा। विधायक के हस्तक्षेप के बाद रात में ही जिलाधिकारी ने बैरियर हटाने व यातायात के लिए पुल को खोल देने का आदेश दिया। जिसके बाद जयप्रभा सेतु से वाहनों का आवागमन शुरू हो गया। जिलाधिकारी की ओर से जारी में बताया गया है कि पुल के मरम्मत का कार्य लगभग पूरा हो गया है और तुर्तीपार का पुल क्षतिग्रस्त हो चुका है, इसलिए इस पुल का बैरियर हटाकर वाहनों को आने जाने की अनुमति दी जा रही है।