नगर के विशुनीपुर, बहेरी एवं जगदीशपुर के लोगों ने सोमवार को जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट बच्चा लाल मौर्य को सौंपा। जिसमें चित्तू पांडेय-हास्पिटल रोड ओवर ब्रिज के नीचे बनी सब्जी मंडी से थोक सब्जी विक्रेताओं को हटाने की मांग की।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि ओवरब्रिज के नीचे बनी सड़क का प्रयोग नगर के विशुनीपुर, जगदीशपुर, बहेरी, परमंदापुर समेत आसपास के लोग कचहरी तथा हास्पिटल आवागमन में करते है।
जहां आलू, प्याज, मिर्चा, परवल, गोभी ट्रक एवं मिनी ट्रक से रास्ते में खड़ा कर व्यापारियों द्वारा उतारा जाता है। जबकि व्यापारियों की कृषि मंडी तिखमपुर में स्थित है।
इससे राहगीरों एवं मुहल्लेवासियों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। जबकि ओवरब्रिज के नीचे बना चबूतरा फुटकर सब्जी विक्रेताओं के लिए नगर पालिका परिषद द्वारा बनाया गया था।
लेकिन उसे सब्जी थोक विक्रेताओं ने कब्जा जमा लिया है। उल्लेख किया है कि मंडी बनाने से पहले शौचालय की व्यवस्था की जाती है। लेकिन नगर पालिका परिषद द्वारा कोई व्यवस्था नहीं की गई है।
ऐसे में लोग घरों के सामने ही लघुशंका करने लगते है। इसको लेकर कई बार कहासुनी भी होती रहती है। विशुनीपुर अल्पसंख्यक (मुस्लिम) मुहल्ला है। जहां औरतें निवासी करती है।
उनका बाहर निकलना तथा कहीं आना-जाना मुश्किल हो गया है। लोगों ने मांग किया कि ओवरब्रिज चबूतरे से थोक विक्रेताओं को हटाकर कृषि मंडी समिति भेजा जाय तथा चबूतरे पर फुटकर सब्जी विक्रेताओं को बेचने की अनुमति प्रदान की जाय।