बलिया। ओवरब्रिज के नीचे लगने वाले सब्जी मार्केट को नगर पालिका अन्यत्र स्थानांतरित करेगी। इस बाबत बुधवार को नगर पालिका अध्यक्ष संत कुमार ने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिया है। अध्यक्ष ने एक पखवारे के अंदर फुटकर सब्जी विक्रेताओं को चमन सिंह तिराहा पास वाली सड़क की पटरियों पर और थोक विक्रेताओं को परिखरा मंडी स्थानांतरित करने को कहा है।
अध्यक्ष ने बताया है कि तीस जनवरी को पत्र लिख कर अध्यक्ष अवस्थापन उप समिति व अपर जनपद न्यायाधीश एवं सत्र न्यायधीश, बलिया राहुल दूबे के द्वारा नगर पालिका परिषद को ओवरब्रिज के नीचे से सब्जी मंडी को हटाने का निर्देश प्राप्त हुआ है। पत्र में न्यायाधीश ने नवनिर्मित न्यायालय भवन के संचालन के लिए यथाशीघ्र मंडी को अन्यत्र स्थानांतरित करने ही बात कही है। जिसके तहत फुटकर व थोक सब्जी विक्रताओं को स्थानांतरित करने की कार्रवाई की जा रही है।