मनियर। पिकअप पर लादकर बाजार में बेचने को जा रहे 17 बोरी खाद्यान्न को सरकारी बताकर ग्रामीणों ने शुकुलपुर ढ़ाले के पास वाहन को पकड़ लिया। जमकर बवाल काटा। उच्चाधिकारियों के साथ पुलिस को अवगत कराया। मौके पर पहुंची पुलिस पिकअप पर लदे खाद्यान्न को थाने लाई।
सप्लाई इंस्पेक्टर ने ड्राइवर सहित ग्रामीणों का बयान दर्ज किया। एक पिकअप पर 17 बोरी गेहूं लादकर बाजार में बेचने लाया जा रहा था। ग्राम पंचायत घाटमपुर व आसपास के ग्रामीणों ने उसे शुकुलपुर ढाला के पास घेर लिया। ग्रामीण शुभम सिंह, सत्यदेव यादव, गोरख, धर्मेन्दर यादव, धर्मेन्दर सिंह, नकुल पासवान, जंगबहादुर राजभर, रामाशंकर राजभर आदि का आरोप था कि राशन की बोरी के सील को तोड़कर दूसरे बोरी में पलटकर करीब 17 बोरी गेहूं बाजार में बेचने के लिए ले जाया जा रहा था। सूचना एसडीएम बांसडीह राजेश कुमार गुप्ता सहित डीएसओ को दी। सप्लाई इंस्पेक्टर दिलीप सिंह बताया कि ग्रामीणों का आरोप है कि माल सरकारी है, लेकिन प्रथम दृष्टया सरकारी बोरी में नहीं मिला। गेंहू कैसा है इसकी जांच की जा रही है।