बैठक में ही प्रमुख सचिव और कमिश्नर से की बात
खेल मंत्री ने मीटिंग हॉल से ही मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री व कमिश्नर से वार्ता कर हालात से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि सारे विवरण के साथ अपनी रिपोर्ट मुख्यमंत्री को दूंगा। अधिकारियों की लापरवाही जैसे सुविधाओं के लिए मिले धन खर्च नहीं कर पाना, वेंटिलेटर व आईसीयू चालू नहीं करा पाना आदि से सरकार की छवि खराब हो रही है।
सुधार होने तक जिले में ही रहूंगा
मंत्री तिवारी ने फोन से जिलाधिकारी से बात की। जिलाधिकारी ने सारी व्यवस्थाएं एक सप्ताह में सही करने को कहा। मंत्री ने साफ कहा कि जब तक व्यवस्था में सुधार नहीं होगा, मैं जिले में ही रहूंगा। मीटिंग में यह भी निर्देश दिया कि तीन दिन के अंदर पूरी रिपोर्ट से जनपद के सभी जनप्रतिनिधियों को अवगत करा दिया जाए। बैठक में सिकंदरपुर विधायक संजय यादव , जिलाध्यक्ष जयप्रकाश साहू , राज्यसभा सांसद नीरज शेखर के प्रतिनिधि संजय सिंह, लोकसभा सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त के प्रतिनिधि अमन कुमार, एडीएम रामआसरे, एएसपी संजय कुमार, नगर मजिस्ट्रेट नागेंद्र सिंह, सीएमओ डॉ राजेन्द्र प्रसाद, एसडीएम सदर राजेश यादव, सहित कोविड ड्यूटी से संबंधित अधिकारी रहे।
स्थिति का लिया जायजा
बलिया जिले की स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने जिला अस्पताल, एल-2 बसंतपुर व फेफना एल-1 अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि किसी भी मरीज को कोई असुविधा नहीं होनी चाहिए। जो संसाधन हैं, कम से कम उसमें बेहतर उपचार सुनिश्चित किया जाए। सभी डॉक्टर मानवता व इंसानियत का परिचय देते हुए भगवान का दूसरा रूप वाली छवि लोगों के बीच प्रस्तुत करें।