बलिया। कारागार प्रशासन एवं सुधार विभाग ने प्रदेश के 10 जेल अधीक्षकों का स्थानांतरण कर दिया गया है। इसमें बलिया जिला कारागार के अधीक्षक प्रशांत मौर्य का स्थानांतरण जिला कारागार रामपुर के लिए किया गया है। वहीं जिला कारागार ललितपुर से यूपी मिश्रा को जिला कारागार अधीक्षक बलिया के पद पर भेजा गया है।
प्रशांत मौर्य की जनपद में पहली तैनाती थी। इस दौरान उन्होंने तीन साल से भी ज्यादा का कार्यकाल बलिया में पूरा किया। उन्होंने स्वयं अपने तबादले के लिए आवेदन किया था। इनके कार्यकाल में जिला कारागार में वर्ष 2019 में बैरकों में पानी लग गया था। इसे उन्होंने अपने सहयोगियों व जनपदीय पुलिस व प्रशासन के सहयोग से दूर करने का काम किया। वहीं नए जेल अधीक्षक यूपी मिश्रा के सामने जेल की अन्य व्यवस्थाओं के साथ ही जेल के अंदर होने वाला जलभराव एक चुनौती होगी। जिसका अभी तक निदान नहीं हो पाया है।