बलिया में प्रियंका गांधी का रोड शो
- फोटो : अमर उजाला
फेफना विधानसभा में भी कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा ने रोड शो कर पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में माहौल बनाया। रोड शो में प्रियंका को देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी। भीड़ देख कांग्रेसी भी गदगद दिखे। भारी सुरक्षा के बीच हेलीपैड से वह कार से दक्षिण चट्टी पहुंचीं। यहां से रोड शो शुरू हुआ।
नेहरू और गांधी परिवार से जुड़ी शख्सियत के पहली बार इस क्षेत्र में आने की खबर से लोगों में उत्साह रहा। उन्हें देखने के लिए आसपास के दर्जनों गांवों से बड़ी तादाद में महिलाएं आई थीं। रोड शो के लिए निधारित मार्ग पर घरों की छतों से महिलाओं और बच्चों ने पुष्पवर्षा कर प्रियंका का जोरदार स्वागत किया।
स्वागत से अभिभूत प्रियंका महिलाओं का अभिवादन करतीं व जीत का आशीर्वाद मांगती दिखीं। रोड शो दक्षिणी चट्टी से पकड़ी तर होते हुए गांधी आश्रम चौराहा पहुंचा। यहां पर प्रियंका वाड्रा ने अपने एक मिनट के संबोधन में प्रदेश में समरसता और खुशहाली के लिए कांग्रेस को वोट करने की अपील की।
कांग्रेस की महिला नेता कविता राय ने प्रशासन पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाया। पूर्व माध्यमिक विद्यालय बांसडीह के मैदान में प्रियंका गांधी के हेलीकॉप्टर के लिए हेलीपैड बना हुआ था। सभी समर्थक बाहर खड़े हो कर प्रियंका गांधी के आने की प्रतीक्षा कर रहे थे।
सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने मैदान खाली कराने के बाद प्रवेश निषेध कर दिया था। इस बीच कांग्रेस की महिला नेता गेट पर पहुंच कर अंदर जाने की मांग करने लगीं। मना किए जाने पर महिला नेता प्रशासन पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाने लगीं। इसके बाद उन्हें अंदर बुला लिया गया।