यूपी-बिहार को जोड़ेगा घाघरा नदी पर बनने वाला पुल
सिकंदरपुर क्षेत्र के खरीद-दरौली घाट पर पक्कापुल के निर्माण के लिए यूपी-बिहार के लोग कई दशक से मांग करते चले आ रहे है। लेकिन यूपी हो या बिहार किसी भी सरकार ने पक्कापुल बनाने के लिए कोई सार्थक कदम नहीं उठाया। जिसके कारण यूपी-बिहार के लोगों को हर साल पीपापुल पर जान जोखिम में डालकर आना-जाना पड़ता है।
इतना ही नहीं पीपापुल के अभाव में काफी लंबी दूरी तय करने के साथ ही परेशानियाें का सामना करना पड़ता है। अन्यथा नाव का सहारा लेना पड़ता है। लेकिन पिछले दिनों सीवानकला स्थित पंचायती राज के सभापति मो. रिजवी के आवास पर आए मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पक्कापुल बनाने की घोषणा कर दिया। जिसके बाद यूपी-बिहार के लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई।
यूपी-बिहार के लोगों का मानना है कि पक्कापुल के निर्माण होने से यूपी-बिहार में व्यापार बढ़ेगा और रिश्ते भी मजबूत होंगे। यूपी-बिहार में पहले से भी सटे जनपदों में रिश्तेदारियां हैं। इसके निर्माण होने से आर्थिक खर्च तथा परेशानियों से निजात मिलेगा। इतना ही नहीं दरौली में जैन समुदाय से जुड़े आज भी सैकड़ों परिवार रहते हैं। वर्तमान समय में सुविधा न होने की वजह से कुछ लोग आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं। बहुत लोग इलाका छोड़कर अन्यत्र पलायन कर गए। ऐसे में व्यापार मजबूत होगा। पुल बनने से सभी को उम्मीद है कि इलाके का व्यापक विकास होगा।